-विधायक अरविंद सिंह की धरोहरों को सम्मान देने की पहल
- शाहजहांपुर। ददरौल विधानसभा से भाजपा विधायक अरविंद सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर जनपद से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को रखा गया। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री को लिखित पत्र सौंपते हुए उन्होंने ने बरेली मोड़ से जलालाबाद (लिपुलेख भिंड मार्ग) का नाम बदलकर भगवान परशुराम जन्मस्थली मार्ग तथा अजीजगंज, चौहानापुर, कुर्रिया कलां, कांट व मदनापुर संपर्क मार्ग का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबू कल्याण सिंह लोधी के नाम पर रखने का अनुरोध किया। इसके साथ ही ददरौल विधानसभा क्षेत्र के अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया और अपने आशीर्वचन से प्रतिनिधिमंडल को प्रेरित किया। जनप्रतिनिधि ने बताया कि जन आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए ये प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे गए हैं। भगवान परशुराम और बाबूजी जैसे महापुरुषों के नाम से मार्गों का नामकरण नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री से भेंट के इस अवसर पर स्थानीय विकास की गति को तेज करने की दिशा में उम्मीद की नई किरण जगी है। क्षेत्रीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए शीघ्र निर्णय की अपेक्षा जताई है। विधायक अरविंद सिंह की धरोहरों को सम्मान देने की पहल है।