--पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा बोले ब्लॉक से बूथ तक मजबूत करें संगठन
- शाहजहांपुर। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सोमवार को राजीव भवन टाउन हॉल में जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं संकल्प समारोह आयोजित किया गया। दिनभर चले इस समारोह में करीब 225 पदाधिकारियों ने क्रमवार शपथ ली। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। तत्पश्चात पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके बाद दोनों अध्यक्षों ने बारी-बारी से जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महासचिवों, सचिवों और ब्लॉक अध्यक्षों को शपथ दिलाई। पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि 15 अगस्त तक चलने वाले संगठन सृजन अभियान का यह पहला चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर कांग्रेस परिवार बधाई का पात्र है। अब सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे ब्लॉक से लेकर बूथ तक संगठन को मजबूत करें और आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश सचिव पूर्वी वर्मा, अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशफ़ाक उल्ला खां, जिला कोऑर्डिनेटर कौशलेंद्र यादव, महानगर कोऑर्डिनेटर इलियास अंसारी, हरेंद्र सिंह राजौरा, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, नि. प्रदेश सचिव अनूप वर्मा, तनवीर सफदर, पूर्व महानगर अध्यक्ष तसनीम अली खान, पवन सिंह, सुहेल बेग, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामजी अवस्थी, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईद अंसारी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी उल हसन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शपथ समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन स्थल पर कांग्रेस के झंडे और बैनर लगे थे। समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।