- हरदोई/ अरवल थाना क्षेत्र के बूचापुर मजरा दहेलिया गांव में रविवार सुबह एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह (40) के रूप में हुई है। वह अपने खेत में मक्के की फसल की रखवाली कर रहे थे।
घटना रविवार सुबह की है। अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। जितेंद्र सिंह खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी। वह उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अरवल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जितेंद्र सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।