- फर्रुखाबाद। कमालगंज में गंगा नदी में नहाने की दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। भाई-बहनों के साथ नहाने गए दो फुफेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। मृतकों में शेरपुर सराय के सत्तराम का 18 वर्षीय बेटा अरुण और कन्नौज जिले के गुरसहायगंज के गंगागंज गुगौली निवासी 13 वर्षीय सागर शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। पहले अरुण का शव बरामद किया गया। लगभग आधे घंटे बाद सागर को भी पानी से बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया सागर तैर नहीं पाता था। ऐसे में उसके मामा का बेटा अरुण व अन्य लोगों ने उसे प्लास्टिक के डिब्बे पर बैठाकर गंगा के दूसरी तरफ ले जाए। वहां से फिर गंगा के इस तरफ ला रहे थे। इस दौरान डिब्बे में पानी भर गया। इससे सागर डूबने लगा। अरुण ने उसे डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया। जहां सागर उससे चिपक गया ऐसे में दोनों की मौत हो गई। अरुण कक्षा 11 का छात्र था।