फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 16 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है, जो पांचाल घाट का रहने वाला था। घटना बीती शाम की है। जब आकाश अपने घर से गंगा स्नान के लिए निकला था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। उसके पिता संतोष शुक्ला के अनुसार, आकाश शारीरिक रूप से दिव्यांग था।
लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह से पुलिस और परिजनों ने फिर से गोताखोरों के साथ तलाश अभियान शुरू किया। कुछ घंटों की खोजबीन के बाद गोताखोरों को पैंटून पुल के पास से आकाश का शव मिला। शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।